हरिद्वार, 15 जून् 2026 । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक शहर हरिद्वार के बीच तेज और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा सकता है। नमो भारत (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) के दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर को हरिद्वार तक विस्तार देने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए प्रस्तावित रूट का सर्वे कराए जाने की तैयारी चल रही है, जिससे परियोजना की व्यवहारिकता, यात्री संख्या और लागत का आकलन किया जा सके।
इसके निर्माण से दिल्ली से हरिद्वार तक का सफर काफी तेज हो जाएगा। हरिद्वार-ऋषिकेश तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली-देहरादून रैपिड रेल नेटवर्क के विकास से पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड तक दिल्ली से कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी। तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और सामान्य यात्रियों को एक बेहतर विकल्प मिलेगा।
वर्तमान में नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच तेज रफ्तार, आधुनिक और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रदान कर रहा है। यदि इस कॉरिडोर का विस्तार हरिद्वार तक किया जाता है, तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर धार्मिक पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और दैनिक आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
प्रस्तावित विस्तार के तहत मेरठ से मुजफ्फरनगर, रुड़की होते हुए हरिद्वार तक संभावित रूट का अध्ययन किया जा सकता है। सर्वे में भूमि उपलब्धता, यात्री मांग, पर्यावरणीय प्रभाव और तकनीकी चुनौतियों जैसे पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी। परियोजना को मंजूरी मिलने की स्थिति में दिल्ली से हरिद्वार की यात्रा पहले की तुलना में काफी तेज और सुविधाजनक हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नमो भारत नेटवर्क का विस्तार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ सड़क यातायात का दबाव कम करने में भी मदद करेगा। साथ ही, हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह एक आधुनिक और विश्वसनीय परिवहन विकल्प साबित हो सकता है।