अमृतसर , 12 जून् 2026 । सोशल मीडिया और युवा वर्ग के बीच तेजी से चर्चा बटोर रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब पंजाब में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है। पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों और समर्थकों के अनुसार, कल अमृतसर में संगठन की गतिविधियों की शुरुआत की जाएगी। हाल के दिनों में महाराष्ट्र, दिल्ली में चर्चा बटोरने के बाद अब यह मंच पंजाब में दस्तक देने की तैयारी में है।
अभिजीत ने सभी युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे कल शाम 4 बजे अमृतसर गेट के सामने मिलें और सब मिलकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे और उसे पूरी उम्मीद है कि अगर सब मिलकर अपनी आवाज उठाएंगे तो NEET और CBSE के बच्चों को इंसाफ जरूर मिलेगा और हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी खुद को पारंपरिक राजनीतिक दल के बजाय एक व्यंग्यात्मक जनआंदोलन के रूप में पेश करती है। इस अभियान की शुरुआत अभिजीत दीपके ने की थी और इसका उद्देश्य युवाओं, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था तथा राजनीतिक जवाबदेही जैसे मुद्दों को अलग अंदाज में उठाना बताया जाता है।
अमृतसर में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रतिनिधि अपने अभियान, मांगों और भविष्य की रणनीति को लेकर लोगों से संवाद कर सकते हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से लोकप्रिय हुए इस अभियान की पंजाब में एंट्री पर युवाओं और छात्रों की विशेष नजर रहेगी।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि संगठन भविष्य में खुद को औपचारिक राजनीतिक दल के रूप में स्थापित करेगा या फिर एक सामाजिक-राजनीतिक अभियान के रूप में ही सक्रिय रहेगा। लेकिन जिस तरह विभिन्न राज्यों में इसके कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हो रही है, उससे यह आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित करने में सफल रहा है। अमृतसर में होने वाले कार्यक्रम के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि पंजाब में इस अभियान को कितना जनसमर्थन मिलता है और यह स्थानीय मुद्दों को किस प्रकार उठाता है।