पंजाब , 12 जून् 2026 । पंजाबी संगीत जगत के चर्चित गायक आर नैत एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके हाल ही में जारी किए गए नए गाने को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाने के कुछ बोल और प्रस्तुति समाज पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं, जबकि समर्थकों का कहना है कि यह कलाकार की रचनात्मक अभिव्यक्ति का हिस्सा है।
जानकारी के अनुसार शिकायत में शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाते कहा कि गाने में आर नैत साधु के रूप में दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद गाने में अभिनेत्री साधु बने आर नैत को अपनी समस्या बताती है कि सोशल मीडिया पर उसकी रील नहीं चल रही। इसके बाद आर नैत अजीब तरीके से माला हिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद आर नैत रात के समय में साधुओं के साथ नाचते गाते दिखाई दे रहे हैं और फिर आर नैत अभिनेत्री का फोन लेकर उस पर माला घूमाते दिखाई देते हैं।
आर नैत इससे पहले भी अपने कुछ गानों और बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। हालांकि उनके प्रशंसकों का मानना है कि उनके गीतों की लोकप्रियता और स्पष्ट शैली अक्सर उन्हें चर्चाओं के केंद्र में ले आती है। पंजाबी संगीत उद्योग में उनकी मजबूत पहचान है और उनके कई गाने युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं।
कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि किसी गीत के खिलाफ शिकायत दर्ज होना और उसके आधार पर कार्रवाई होना दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। जांच एजेंसियां पहले शिकायत की प्रकृति, गीत की सामग्री और लागू कानूनी प्रावधानों का परीक्षण करती हैं। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाता है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। इस बीच सोशल मीडिया पर भी गाने को लेकर बहस छिड़ी हुई है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।