धुरी, 08 जून् 2026 । हरियाणा और पंजाब की राजनीति के बीच बयानबाजी का दौर एक बार फिर तेज हो गया है। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि “मजाक से सिनेमा हॉल चल सकते हैं, लेकिन सरकार नहीं चलाई जा सकती।” उनके इस बयान को दोनों राज्यों के बीच चल रही राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और नीतिगत मतभेदों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
सीएम सैनी रविवार को पंजाब के धुरी में थे। उन्होंने यहां कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता खुद को क्रांतिकारी बताते हैं, लेकिन असल में वे अपनी कमियों को छिपाने की कोशिश में दूसरों के काम और उपलब्धियों के बारे में जनता को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि धुरी मुख्यमंत्री का अपना चुनाव क्षेत्र है, फिर भी उन्होंने न केवल पंजाब से, बल्कि धुरी से भी खुद को दूर कर लिया है। पंजाब कभी डेवलपमेंट के मामले में कई राज्यों से बहुत आगे था, लेकिन अपने फायदे के लिए पॉलिटिकल पार्टियों ने इसे पिछड़े राज्यों की कैटेगरी में धकेल दिया है। आज पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई सिर्फ अखबारों के विज्ञापन के जरिए लड़ी जा रही है, जबकि जमीन पर कुछ खास नहीं हो रहा है।
यह बयान ऐसे समय आया है जब विभिन्न मुद्दों को लेकर पंजाब और हरियाणा की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। दोनों राज्यों के नेताओं के बीच कई बार सार्वजनिक मंचों पर तीखी टिप्पणियां देखने को मिली हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावी समीकरणों और क्षेत्रीय राजनीति को देखते हुए इस तरह की बयानबाजी आगे भी जारी रह सकती है।
वहीं, आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार के समर्थकों का कहना है कि उनकी सरकार विकास कार्यों और जनहित योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है। दूसरी ओर भाजपा नेताओं का दावा है कि सुशासन और प्रशासनिक अनुभव ही किसी सरकार की वास्तविक पहचान होते हैं।
नायब सिंह सैनी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पंजाब की ओर से इस टिप्पणी पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और यह विवाद आगे किस दिशा में बढ़ता है।