अश्लील गाने को लेकर विवादों में घिरीं नोरा फतेही, सोशल मीडिया पर मांगी माफी
नई दिल्ली, 07 मई 2026 । नोरा फतेही एक बार फिर अपने गाने को लेकर विवादों में आ गई हैं। हाल ही में रिलीज हुए एक गाने के बोल और प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई, जिसके बाद नोरा फतेही ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली। कई लोगों ने गाने की भाषा और कंटेंट को अश्लील बताते हुए आपत्ति जताई थी।
फिल्म ‘KD द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर’ में अश्लीलता फैलाने के मामले में गुरुवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश हुईं। नोरा ने आयोग को लिखित माफीनामा सौंपा और स्पष्ट किया कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
नोरा ने महिला आयोग से कहा की आगे से वे ऐसे आइटम सॉन्ग्स नहीं करेंगी जिससे महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचे या समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश जाए। इसी के साथ नोरा ने अनाथ बच्चियों के की शिक्षा का खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी ली है।
विवाद बढ़ने के बाद नोरा ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि गाने की वजह से किसी को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करती हैं। नोरा ने यह भी कहा कि कलाकारों को मनोरंजन और सामाजिक संवेदनशीलता के बीच संतुलन बनाए रखना चाहिए।
गाने को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने नोरा की माफी को सराहा, जबकि कई यूजर्स ने मनोरंजन जगत में बढ़ती अश्लीलता पर सवाल उठाए। विवाद के बाद यह मुद्दा इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड करने लगा और कई लोगों ने सेंसरशिप तथा कंटेंट जिम्मेदारी पर बहस छेड़ दी।
मनोरंजन जगत के जानकारों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के दौर में किसी भी गाने या फिल्मी कंटेंट पर जनता की प्रतिक्रिया बहुत तेजी से सामने आती है। ऐसे में कलाकारों और निर्माताओं पर सामाजिक जिम्मेदारी का दबाव भी बढ़ गया है।