हरियाणा के राशन कार्डधारकों को बड़ी राहत, अब 5G तकनीक से मिलेगा अनाज, पुरानी मशीनों से छुटकारा
हरियाणा , 07 मई 2026 । हरियाणा में राशन वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में 5G तकनीक आधारित नई मशीनें लगाने जा रही है, जिससे राशन कार्डधारकों को पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी। करीब 9 साल पुरानी मशीनों को हटाकर नई तकनीक से लैस डिवाइस लगाए जाएंगे, जिससे तकनीकी समस्याओं और नेटवर्क बाधाओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस बारे में आल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने कहा कि प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से पुरानी ई-पॉस मशीनों को हटाकर नई 5-जी सक्षम मशीनें लगाई जा रही हैं। इन मशीनों का फायदा यह रहेगा कि इनमें तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी, बेहतर बायोमेट्रिक सिस्टम और रियल टाइम डाटा अपडेट जैसी सुविधाएं होंगी। जिससे नेटवर्क की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को लंबी लाइनों में इंतजार करने से मुक्ति मिल जाएगी।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में उपयोग हो रही कई मशीनें धीमी गति, खराब नेटवर्क और बार-बार तकनीकी खराबी जैसी समस्याओं से जूझ रही थीं। इसके कारण लाभार्थियों को राशन लेने में लंबा इंतजार करना पड़ता था। नई 5G आधारित मशीनों के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन और डेटा ट्रांसफर अधिक तेजी से होगा, जिससे वितरण प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनेगी।
राज्य सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से फर्जीवाड़े पर भी रोक लगेगी और पात्र लोगों तक समय पर राशन पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सकेगा। डिजिटल तकनीक के उपयोग से रिकॉर्ड प्रबंधन भी बेहतर होगा और वितरण प्रणाली की निगरानी मजबूत होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क संबंधी समस्याओं को कम करने के लिए नई मशीनों को उन्नत कनेक्टिविटी के साथ तैयार किया जा रहा है।
राशन कार्डधारकों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से पुरानी मशीनों की वजह से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही थी। नई तकनीक लागू होने से समय की बचत होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। सरकार आने वाले महीनों में पूरे राज्य में चरणबद्ध तरीके से इन मशीनों को लागू करने की तैयारी कर रही है।