फरीदाबाद, हरियाणा,9 नवंबर 2026| हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की मौत का कारण बन गया। सेक्टर-21C में पड़ोसी पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 42 वर्षीय परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है। वह सिंगापुर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत थे और अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे।
जानकारी के मुताबिक, दोनों पड़ोसी एक ही इमारत में रहते थे। उनके बीच वाहन पार्किंग और अन्य छोटी-छोटी बातों को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार, 6 नवंबर की रात करीब 9 बजे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर लगभग 14 राउंड फायरिंग की। इस दौरान उन्हें कई गोलियां लगीं।
परिजन घायल परमजीत को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की सेक्टर-30 टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।