पटना में नावों की ओवरलोडिंग पर सख्ती: नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पटना , 04 मई 2026 । पटना में जल परिवहन सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नावों में ओवरलोडिंग की बढ़ती शिकायतों और हादसों की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को तय मानकों का उल्लंघन करने वाले नाव संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम.ने स्पष्ट कहा कि जन सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ओवरलोडिंग या बिना अनुमति नाव संचालन करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नावों के निबंधन से जुड़ी शर्तों जैसे निर्धारित क्षमता (कैरियिंग कैपेसिटी), सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले नाव मालिकों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर नावें चलाई जा रही थीं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए अब घाटों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और नाव संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि वे निर्धारित क्षमता का पालन करें।
प्रशासन ने बताया कि नियम तोड़ने वाले नाव चालकों पर जुर्माना, लाइसेंस रद्द करने और कानूनी कार्रवाई जैसे कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही, यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे ओवरलोड नावों में सफर न करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
जल पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। घाटों पर लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से न केवल हादसों में कमी आएगी, बल्कि जल परिवहन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।