जबलपुर क्रूज हादसे के बाद काशी में हाई अलर्ट—लाइफ जैकेट अनिवार्य, नियम तोड़ने पर नाव मालिकों पर केस

0

वाराणसी, 02 मई 2026 । मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के काशी (वाराणसी) में प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए नाव संचालन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। खासतौर पर बिना लाइफ जैकेट यात्रियों को ले जाने वाले नाव मालिकों के खिलाफ केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऐसे में काशी में भी गंगा नदी में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार रात तक चले अभियान के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर 15 नावों को सीज कर दिया गया तथा कई नाव चालकों और मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नाव पर सवार यात्रियों को लाइफ जैकेट न देना, लाइफ जैकेट खराब होना, चलती नाव पर रील बनाना या सेल्फी लेना, ओवरलोडिंग समेत कई अनियमितताएं पुलिस की टीम ने पकड़ीं। इसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कारर्वाई की गई।

वाराणसी के प्रमुख घाटों—दशाश्वमेध, अस्सी और राजघाट—पर पुलिस और प्रशासनिक टीमों की तैनाती बढ़ा दी गई है। नाविकों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि हर यात्री को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि जबलपुर जैसी घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए पहले से ही सतर्कता जरूरी है। इसी के तहत नावों की फिटनेस, क्षमता और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की जा रही है। घाटों पर निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो नियमित रूप से निरीक्षण कर रही हैं।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि गंगा में नाव की सवारी करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में नाव मालिकों को भी जिम्मेदारी से काम करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस सख्ती का असर घाटों पर साफ दिखाई दे रहा है, जहां अब यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनकर ही नाव में बैठने की अनुमति दी जा रही है। इसके अलावा, लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज न करें और नियमों का पालन करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.