हरिद्वार, 27 अप्रैल 2026 । उत्तराखंड के हरिद्वार में देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नाले के पास शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में शव के पास से एक नया हथौड़ा और शराब की खाली बोतल बरामद हुई है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। प्रथम द्दष्टया आशंका जताई जा रही है कि देर रात शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया और व्यक्ति की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। मौके से कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिलने के कारण मामला और भी संदिग्ध माना जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि यह हत्या का मामला है या कोई अन्य कारण।
घटना के बाद इलाके में डर और असमंजस का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत सूचना दें।
जांच पूरी होने के बाद ही मामले की असली वजह सामने आ पाएगी, फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।