हरियाणा में औद्योगिक उछाल: Daikin का 1000 करोड़ निवेश, युवाओं के लिए खुले रोजगार के नए रास्ते

0

चंडीगढ़ , 22 अप्रैल 2026 । हरियाणा में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। ग्लोबल एयर कंडीशनिंग कंपनी Daikin ने राज्य में करीब 1000 करोड़ रुपये के बड़े निवेश का ऐलान किया है। इस फैसले से न केवल औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री सैनी चंडीगढ़ में संत कबीर कुटीर में जापानी डैलीगेशन के साथ बातचीत कर रहे थे। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का विशेष आभार जताया और मुख्यमंत्री ने उन्हें गीता भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब जापानी कम्पनियों का निवेश को लेकर भरोसा बढ़ गया है। जापानी कम्पनी मानेसर में एक अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित किया जाएगा। यह अपनी तरह का देश में सबसे बड़ा और पहला केंद्र होगा जो न केवल तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देगा बल्कि हरियाणा को औद्योगिक हब के रूप में और अधिक मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्तूबर 2025 में जापान यात्रा दौरान हुए एम.ओ.यू. (समझौता ज्ञापन) का यह प्रत्यक्ष परिणाम है। इससे भविष्य में और भी विदेशी निवेश के रास्ते खुलेंगे।

सरकार के अनुसार, यह निवेश मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने के साथ-साथ “मेक इन इंडिया” पहल को भी बढ़ावा देगा। कंपनी अत्याधुनिक तकनीक से लैस उत्पादन इकाइयां स्थापित करेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बड़े निवेश से हरियाणा एक बार फिर उद्योगों के पसंदीदा गंतव्य के रूप में उभर रहा है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, नीति समर्थन और कुशल मानव संसाधन के कारण कंपनियां यहां निवेश करने के लिए आकर्षित हो रही हैं।

इस परियोजना के तहत डायकिन की नई यूनिट में इंजीनियरिंग, तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में बेहतर नौकरी मिलने की संभावना बढ़ेगी और पलायन में भी कमी आ सकती है।

राज्य सरकार का कहना है कि वह निवेशकों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी, ताकि उद्योग तेजी से स्थापित हो सकें और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

यह निवेश न केवल हरियाणा के औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि यह भी संकेत देता है कि आने वाले समय में राज्य रोजगार और निवेश के नए केंद्र के रूप में उभर सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.