पंचकुला, 14 नवंबर 2026| हरियाणा के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में इन दिनों IAS अधिकारी विवेक आर्य और IPS अधिकारी अदिति सिंह की शादी चर्चा में है। दोनों की मुलाकात मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में ट्रेनिंग के दौरान हुई थी। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता अब शादी तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि दोनों अधिकारी फिलहाल हरियाणा के पंचकूला में तैनात हैं। विवेक आर्य अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) हैं, जबकि अदिति सिंह पुलिस उपायुक्त (DCP) की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
मसूरी की ट्रेनिंग में शुरू हुई प्रेम कहानी
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विवेक आर्य और अदिति सिंह दोनों 2021 बैच के अधिकारी हैं। मसूरी में प्रशासनिक सेवा की ट्रेनिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई। इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई और धीरे-धीरे रिश्ता आगे बढ़ा।
बताया जाता है कि विवेक आर्य ने अदिति सिंह को प्रपोज किया था। इसके बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया और परिवारों की सहमति से विवाह की तैयारियां शुरू हुईं।
शादी के लिए बदला अदिति सिंह का कैडर
अदिति सिंह को UPSC में चयन के बाद हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। वहीं, विवेक आर्य हरियाणा कैडर के IAS अधिकारी हैं। शादी तय होने के बाद अदिति सिंह ने अंतर-कैडर स्थानांतरण के लिए आवेदन किया।
अप्रैल 2026 में उनका कैडर हिमाचल प्रदेश से बदलकर हरियाणा कर दिया गया। इसके बाद जुलाई 2026 में उन्हें पंचकूला में DCP के पद पर नियुक्त किया गया। संयोग से विवेक आर्य भी इसी जिले में ADC के रूप में तैनात हैं।
कौन हैं IPS अदिति सिंह?
अदिति सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली हैं। उन्होंने मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल से पढ़ाई की और गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में BTech की डिग्री हासिल की।
उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल कर SDM पद के लिए चयन पाया था। इसके बाद UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2020 में 679वीं रैंक हासिल कर IPS अधिकारी बनीं।
शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। वहां उन्होंने पुलिस और विजिलेंस विभाग में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। बाद में विवाह के आधार पर उनका कैडर हरियाणा में स्थानांतरित हुआ।
कौन हैं IAS विवेक आर्य?
विवेक आर्य हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गोपी गांव के निवासी हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने सैनिक स्कूल कुंजपुरा में छठी से बारहवीं तक शिक्षा हासिल की।
उन्होंने चंडीगढ़ के DAV कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2020 में 131वीं रैंक हासिल की। IAS बनने से पहले उनका चयन CDS के जरिए सेना में लेफ्टिनेंट के पद के लिए भी हुआ था।
वर्तमान में वह पंचकूला में अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के पद पर कार्यरत हैं।
पंचकूला में दोनों की तैनाती बनी खास संयोग
इस जोड़ी की कहानी का दिलचस्प पहलू यह है कि दोनों एक ही जिले में अलग-अलग प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। अदिति सिंह पुलिस विभाग में DCP हैं, जबकि विवेक आर्य जिला प्रशासन में ADC के पद पर काम कर रहे हैं।
शादी से पहले दोनों परिवारों में कई रस्में आयोजित हुईं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नवंबर में हल्दी, संगीत, लग्न और घुड़चढ़ी जैसे कार्यक्रम भी हुए। 15 नवंबर को पंचकूला में रिसेप्शन आयोजित होने की जानकारी भी सामने आई है।
UPSC की ट्रेनिंग से जीवनसाथी बनने तक का सफर
विवेक आर्य और अदिति सिंह की कहानी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि दोनों ने सिविल सेवा की तैयारी और प्रशिक्षण के दौरान एक-दूसरे को जाना। अलग-अलग राज्यों के कैडर मिलने के बावजूद शादी के बाद अदिति सिंह का हरियाणा कैडर में स्थानांतरण हुआ और अब दोनों पंचकूला में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।