पंजाब में बड़ी कामयाबी: आतंकी साजिश नाकाम, ग्रेनेड और IED सामग्री के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

0

अमृतसर/गुरदासपुर, 09 अप्रैल 2026 । पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से ग्रेनेड और IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई है।

पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने बताया कि इस ऑपरेशन में 5 हैंड ग्रेनेड, 2 स्पेशल डेटोनेटर, पी.टी.टी. टाइमर (कोडर, डिकोडर और 9 वी बैटरी के साथ),आई.ई.डी.मटीरियल (एक किलो हाई एक्सप्लोसिव) और केबल और ट्रिगर मैकेनिज्म वाला एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी बरामद किया गया है। इस रिकवरी से यह साबित होता है कि आरोपी ईलाके में शांति भंग करने के लक्ष्य से बड़े हमलों की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, यह आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने उन्हें धर दबोचा और उनके कब्जे से विस्फोटक सामग्री बरामद की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों के संबंध किसी आतंकी नेटवर्क से हो सकते हैं।

पूरे मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ टीमों को लगाया गया है, जो यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि साजिश का मकसद क्या था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित ठिकानों और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस कार्रवाई को राज्य में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.