कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार—17,000 से ज्यादा छापों से पेट्रोलियम माफिया पर कसा शिकंजा
लखनऊ, 31 मार्च 2026 । योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की कालाबाजारी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। राज्यभर में 17,000 से अधिक छापेमारी कर तेल माफियाओं और अवैध कारोबारियों पर कड़ा शिकंजा कसा गया है। सरकार के मुताबिक, इस अवधि में 17,581 छापे और निरीक्षण किए गए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिली है। सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, इस कारर्वाई के दौरान 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ख्य सचिव के निर्देश पर सभी जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड में है और जिला पूर्ति अधिकारी तथा अन्य अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर और ईंधन मिल सके। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के खिलाफ 33 एफआईआरकी गई हैं जबकि अन्य मामलों में 189 एफआईआर, 17 गिरफ्तारियां और 224 लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई की गई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। करीब 91,000 किलोलीटर पेट्रोल और लगभग 1.15 लाख किलोलीटर डीजल स्टॉक में उपलब्ध है।
प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की अवैध बिक्री, जमाखोरी और मिलावट को रोकने के उद्देश्य से की गई। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष अभियान शुरू किया गया, जिसमें विभिन्न जिलों में एक साथ छापेमारी की गई।
छापों के दौरान कई जगहों से अवैध भंडारण, फर्जी लाइसेंस और मिलावटी ईंधन बरामद किया गया। कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही कई पेट्रोल पंपों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार का कहना है कि इस तरह की कालाबाजारी से आम जनता को आर्थिक नुकसान होता है और सुरक्षा के लिहाज से भी यह बेहद खतरनाक है। इसलिए इस पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सख्ती से बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को सही गुणवत्ता का ईंधन मिल सकेगा। साथ ही, इससे अवैध नेटवर्क को तोड़ने में भी मदद मिलेगी।