मौसम ने बदली करवट: राजस्थान में ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित, मध्य प्रदेश में घने कोहरे से ट्रेनें लेट
जयपुर, 09 जनवरी 2026 । उत्तर भारत में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगड़ गया है। राजस्थान के कई जिलों में अचानक हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं मध्य प्रदेश में घने कोहरे के चलते रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बदलते मौसम का असर जनजीवन, खेती और परिवहन तीनों पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।
राजस्थान में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा कोहरा छाया। जैसलमेर में गाड़ियों पर बर्फ की परत जम गई। अलवर में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे बारिश हुई। खैरथल-तिजारा में बारिश के साथ ही ओले भी गिरे। सर्दी के चलते 25 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
मध्य प्रदेश के 17 जिलों में शुक्रवार को कोहरा छाया रहा। इस वजह से दिल्ली से भोपाल, इंदौर-उज्जैन आने वाली एक दर्जन ट्रेनें लेट हैं। छतरपुर का खजुराहो सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 4.1 डिग्री, दतिया में 4.2 डिग्री, नौगांव-शिवपुरी में 5 डिग्री, उमरिया में 5.4 डिग्री और पचमढ़ी में 5.8 डिग्री रहा।
उधर, चिल्लई कलां की वजह से जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रिकॉर्ड की गई। तेज ठंड के कारण इस सर्दी में पहली बार डल मशहूर झील के कुछ हिस्से जम गए। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है।
बिहार के पटना में सर्दी के कारण 7 दिनों में 1000 से ज्यादा बच्चे बीमार होकर अस्पताल पहुंचे, जिनमें से 3 की मौत हो गई। 15 जिलों का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। गयाजी शहर सबसे ठंड रहा, जहां टेंपरेचर 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की खबरें सामने आई हैं। ओलावृष्टि के कारण सरसों, गेहूं और चना जैसी रबी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। खेतों में खड़ी फसलों पर पड़े ओलों से किसानों को भारी नुकसान का डर सता रहा है। कई इलाकों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में घने कोहरे ने रेल और सड़क यातायात को प्रभावित किया है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने के कारण कई ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया, जबकि कुछ ट्रेनों के घंटों लेट होने की सूचना है। कोहरे के कारण यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतज़ार करना पड़ा, जिससे दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी के सफर करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। राजस्थान में कुछ और इलाकों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। विभाग ने किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि फसल नुकसान का आकलन किया जाएगा और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दी जाएगी। वहीं रेलवे विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें।