खड़गे और राहुल कल जम्मू-कश्मीर जाएंगे
नई दिल्ली, 20अगस्त। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी दो दिन के दौरे पर बुधवार को जम्मू-कश्मीर जाएंगे। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद दोनों नेताओं का यह पहला दौरा है।
पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा- दोनों नेता 21 अगस्त को दोपहर में जम्मू और 22 अगस्त को श्रीनगर में रहेंगे। वे नेताओं से चुनावी तैयारियों पर बातचीत करेंगे। शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन को मिली सफलता को देखते हुए राहुल विधानसभा चुनाव में भी सभी भाजपा विरोधी पार्टियों को एकजुट रखना चाहते हैं। वह विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन की रणनीति पर बात करेंगे।
खड़गे और राहुल ने 19 अगस्त को जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के महासचिवों, प्रभारियों और स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की थी। वेणुगोपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक अगले तीन-चार दिनों में होगी। पार्टी जम्मू-कश्मीर में गठबंधन के लिए तैयार है और इसका मुख्य उद्देश्य भाजपा को सरकार से बाहर रखना है।
कांग्रेस पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और PDP से गठबंधन बनाने की कोशिश में है। पार्टी ने कहा- गठबंधन बनाने का उद्देश्य भाजपा को हराना है। इसके लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों को साथ आना होगा। कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर ने कहा कि NC और PDP के लिए राज्य का मुद्दा व्यक्तिगत मुद्दों से ऊपर होना चाहिए। I.N.D.I.A ब्लॉक नेशनल लेवल पर बना है। जम्मू-कश्मीर में भी तीनों पार्टियों को मिलकर चुनाव लड़ने की जरूरत है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गांधी परिवार चाहता है कि पूर्व सीएम गुलाम नबी आजाद की पार्टी में वापसी हो। इसके लिए सीनियर नेताओं को उनसे बात करने के लिए कहा गया है। हालांकि उनकी पार्टी इसे खारिज किया है।