UP DA Hike 2026: यूपी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 63% हुआ

योगी सरकार ने कर्मचारियों के DA में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी और नवंबर की सैलरी में भुगतान किया जाएगा।

0

लखनऊ, उत्तर प्रदेश, 9 नवंबर 2026| उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है।

सरकार की ओर से 7 नवंबर 2026 को इस संबंध में शासनादेश जारी किया गया। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नवंबर 2026 के नियमित वेतन के साथ दिया जाएगा।

इस फैसले का लाभ नियमित राज्य सरकारी कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं तकनीकी संस्थानों के कर्मचारियों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पात्र कर्मचारियों को मिलेगा।

इसके अलावा, जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के बकाया भुगतान यानी एरियर के लिए भी व्यवस्था तय की गई है। जीपीएफ और एनपीएस से जुड़े कर्मचारियों के लिए एरियर भुगतान के अलग-अलग नियम निर्धारित किए गए हैं। सेवानिवृत्त और अगले छह महीने में सेवानिवृत्त होने वाले पात्र कर्मचारियों को एरियर नकद देने का प्रावधान भी किया गया है।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.