पटना, 07 नवंबर 2026 | दीपावली के त्योहार को देखते हुए बिहार की राजधानी पटना में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान पटाखों से जलने, आग लगने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए शहर के चार बड़े अस्पतालों को अलर्ट पर रखा जाएगा। इन अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।
24 घंटे ऑन-कॉल उपलब्ध रहेंगे डॉक्टर
अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। ऑन-कॉल डॉक्टर भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। चार प्रमुख अस्पतालों में कुल 85 बेड और 38 वेंटिलेटर सुरक्षित रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए अलग से एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। इस संबंध में जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि दिवाली के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से तुरंत निपटा जा सके।
PMCH में 18 से अधिक वेंटिलेटर तैयार
पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में दिवाली को लेकर विशेष तैयारी की गई है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 18 से अधिक वेंटिलेटर पूरी तरह चालू हालत में तैयार रखे गए हैं। इमरजेंसी में डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सभी जरूरी जीवनरक्षक दवाओं और सर्जिकल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि पटाखों से जलने या किसी अन्य हादसे में घायल मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
दीपावली पर पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें। जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से को साफ बहते ठंडे पानी के नीचे लगभग 20 मिनट रखें। जले हुए हिस्से पर बर्फ, टूथपेस्ट या तेल न लगाएं और गंभीर चोट होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें।
IGIMS में घायलों के लिए 10 बेड और 10 वेंटिलेटर रिजर्व
आईजीआईएमएस में भी दिवाली के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। घायलों के इलाज के लिए अलग से 10 बेड रिजर्व किए हैं। इसके अलावा 10 वेंटिलेटर भी रिजर्व पर रखे गए हैं। स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाई गई है। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे लगातार संचालित रहेंगी। इसकी पुष्टि आईजीआईएमएस के उपनिदेशक डॉ विभूति प्रसन्न सिन्हा ने की।
पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में 20 अतिरिक्त बेड तैयार
पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में घायलों के इलाज के लिए अतिरिक्त 20 बेड का इंतजाम किया गया है। ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि प्लास्टिक सर्जरी, त्वचा रोग, मेडिसिन, सर्जरी, हड्डी रोग और नेत्र रोग विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
न्यू गार्डिनर और गर्दनीबाग अस्पताल को भी रखा गया अलर्ट पर
चार बड़े अस्पतालों के अलावा न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल और गर्दनीबाग अस्पताल को भी अलर्ट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अस्पतालों को आपात स्थिति में तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा है।
मेडिकल इमरजेंसी के लिए नोट कर लें ये फोन नंबर
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दिवाली के दौरान किसी भी तरह की मेडिकल इमरजेंसी होने पर घबराएं नहीं। तुरंत संबंधित अस्पताल या स्वास्थ्य अधिकारियों के जरूरी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।जरूरी हेल्पलाइन नंबर:
– PMCH कंट्रोल रूम: 0612-2300080
– PMCH अधीक्षक: 9470003549
– PMCH प्राचार्य: 9470003552
– IGIMS: 9473191807 / 0612-2297099
– पटना एम्स: 9470702184 / 0612-2451070
– गार्डिनर रोड अस्पताल: 8521861020
– सिविल सर्जन: 9470003600
– राजवंशी नगर LNJP अस्पताल: 9431022000
जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की है।