अमित शाह से मिले चिरंजीवी और राम चरण, AI डीपफेक के दुरुपयोग पर मांगी सख्त कार्रवाई

0

मुंबई ,03 नवंबर 2026 | साउथ सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी और उनके बेटे अभिनेता राम चरण ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह मुलाकात 2 नवंबर को हैदराबाद में हुई। इस दौरान दोनों कलाकारों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस तकनीक का गलत इस्तेमाल कलाकारों की प्रतिष्ठा, निजता और रचनात्मक अधिकारों के लिए गंभीर खतरा बन रहा है।

चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस मुलाकात की जानकारी दी। गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए सरकार की ओर से सख्त नियम और कड़े दंड का प्रावधान करने का आश्वासन दिया। साथ ही, मामले में औपचारिक लिखित आवेदन जमा करने की सलाह दी।

कलाकारों के अधिकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया

चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अमित शाह के सामने AI और डीपफेक से जुड़ी समस्याएं रखीं। उनके मुताबिक, गृह मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और इस मुद्दे की तत्काल जांच कराने का भरोसा दिया।

राम चरण ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री पर डीपफेक तकनीक के दुष्प्रभाव को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई।

अमित शाह ने दिया सख्त सुरक्षा उपायों का भरोसा

चिरंजीवी के अनुसार, अमित शाह ने इस मामले में मजबूत सुरक्षा उपाय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के विकल्पों पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने दोनों कलाकारों को इस संबंध में लिखित प्रतिवेदन देने की सलाह भी दी।

केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में आगे समन्वय की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को सौंपी है, ताकि मुद्दे की विस्तार से जांच की जा सके।

फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ रही डीपफेक की चिंता

डीपफेक तकनीक के जरिए किसी व्यक्ति के चेहरे और आवाज का इस्तेमाल करके नकली वीडियो और तस्वीरें बनाई जा सकती हैं। फिल्मी सितारों के खिलाफ इस तकनीक के दुरुपयोग की घटनाओं ने इंडस्ट्री में चिंता बढ़ाई है। ऐसे में चिरंजीवी और राम चरण की यह मुलाकात कलाकारों के डिजिटल अधिकारों और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.