कुरुक्षेत्र,02 नवंबर 2026 | हरियाणा ने 1 नवंबर 2026 को अपने गठन के 60 साल पूरे कर लिए। राज्य के हीरक जयंती समारोह का आयोजन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा ने छह दशकों में मेहनत और सामूहिक प्रयासों के दम पर लंबा विकास सफर तय किया है। कभी पिछड़े क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाले प्रदेश ने आज देश के अग्रणी और तेजी से विकास करने वाले राज्यों में अपनी जगह बनाई है।
समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हरियाणा को देश का पहला विकसित राज्य बनाना है। इसके लिए राज्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती को मेहनती किसान, बहादुर जवान, धाकड़ खिलाड़ी और सशक्त नारी ने अपनी मेहनत के दम पर बुलंद हरियाणा बनाया है। हरियाणा को 1966 में पिछड़ा कहा जाता था, लेकिन आज देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है। यह सब किसान, व्यापारी, खिलाड़ी, उद्योगपतियों और माताओं की मेहनत का परिणाम है।
प्रदेश की बेटियां खेत से लेकर खेल के मैदान तक और सेना से लेकर स्टार्टअप तक में प्रदेश व देश का मान बढ़ा रही हैं। इसी कारण हमारे यहां कहावत मशहूर है – देशां म्है देश हरियाणा-जित दूध दही का खाणा। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जब-जब देश का तिंरगा विश्व स्तर पर लहराता है तो उसमें हरियाणा की माटी की खुशबू जरूर होती है।
हरियाणा क्षेत्रफल में भले छोटा है और देश के क्षेत्रफल का केवल 1.34 प्रतिशत है, लेकिन देश की जीडीपी में हरियाणा का योगदान 3.6 प्रतिशत है। प्रति व्यक्ति आय में भी प्रदेश सबसे अधिक है। देश की हर तीन में से दो कारें, हर दूसरा ट्रैक्टर और 10 में से 6 मोटरसाइकिल हरियाणा की देन हैं। आज हरियाणा की पहचान सड़क, खेल और थाली हैं
1966 में संघर्ष कर रहे थे आज सेलिब्रेट कर रहे
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अपने कहा कि 1966 में जब हरियाणा बना तो प्रदेश और प्रदेशवासी संघर्ष कर रहे थे। आज 6 दशक हो चुके हैं, लेकिन आज प्रदेश और प्रदेशवासी सेलिब्रेट कर रहे हैं। यह सब प्रदेशवासियों की अथक मेहनत को दर्शाता है।
देश की GDP में हरियाणा का करीब 3.6% योगदान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की आर्थिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश के कुल भौगोलिक क्षेत्रफल में प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 1.34 प्रतिशत है, लेकिन राष्ट्रीय GDP में इसका योगदान लगभग 3.6 प्रतिशत है।
उन्होंने औद्योगिक उत्पादन और कृषि निर्यात में भी राज्य की भूमिका बताई। मुख्यमंत्री के अनुसार:
- देश में बनने वाली प्रत्येक तीन में से दो पैसेंजर कारों का उत्पादन हरियाणा में होता है।
- देश का हर दूसरा ट्रैक्टर हरियाणा में बनता है।
- भारत की प्रत्येक 10 में से छह मोटरसाइकिलों का निर्माण प्रदेश में होता है।
- देश के बासमती चावल निर्यात में हरियाणा की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां दिखाती हैं कि हरियाणा ने कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
किसानों और जवानों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा के किसानों ने देश के खाद्यान्न भंडार भरने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वहीं, पशुपालकों ने दूध उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश की पहचान मजबूत की है।
उन्होंने जवानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि हरियाणा के सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा में साहस और बलिदान के उदाहरण पेश किए हैं। प्रदेश की पहचान मेहनती किसान, बहादुर जवान और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से बनी है।
खेलों में हरियाणा की बेटियों और खिलाड़ियों का योगदान
मुख्यमंत्री ने खेलों में हरियाणा के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों में 11 और एशियाई खेलों में 32 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां अब कृषि, खेल, सेना और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। महिलाओं की बढ़ती भागीदारी प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं में भी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने राज्य की कुछ पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा ने कृषि, ग्रामीण विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कई नई पहल की हैं।
उन्होंने सभी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद, गांवों को लाल डोरा मुक्त करने और पढ़ी-लिखी पंचायतों जैसी पहलों को प्रदेश की उपलब्धियों में शामिल किया।
इसके अलावा, जींद-सोनीपत के बीच हाइड्रोजन ट्रेन और रोहतक तथा कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
हरियाणा को देश का पहला विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 साल का सफर पूरा होने के बाद अब प्रदेश को विकास के अगले चरण में ले जाने का समय है। सरकार का लक्ष्य आर्थिक प्रगति के साथ सामाजिक सौहार्द, बेहतर सुविधाओं और जनकल्याण को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने लोगों से सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की। सैनी ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभाएगा।
समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मौजूदगी को मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लिए गर्व का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की 60 साल की यात्रा मेहनत, साहस, आत्मसम्मान और विकास की कहानी है। अब इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेना होगा।