वाराणसी में सिपाही पर फायरिंग करने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर, एक गिरफ्तार
वाराणसी , 31 अक्टूबर 2026 | वाराणसी में कांस्टेबल अमित शुक्ला पर फायरिंग करने वाले बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, राज विश्वकर्मा के पैर में लगी गोली; साथी की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कांस्टेबल को गोली मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राज विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस मामले में शामिल उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया- सिपाही अमित शुक्ला पर हमला करने वाले आरोपियों में से एक गिरफ्तार आरोपी राज विश्वकर्मा से पूछताछ में पता चला कि उसके साथी आरोपी अंजनी झा और राजू तिवारी शहर छोड़कर भागने वाले हैं।
पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बदमाशों ने बताया कि हमले में इस्तेमाल हथियार एक सुनसान इलाके में छिपा रखे हैं। पुलिस टीम उन्हें उस जगह ले गई। हथियार निकालते ही दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। वे वहीं गिर पड़े। पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत लिया। उनके हथियार जब्त किए और इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
नरिया तिराहे पर कांस्टेबल को मारी गई थीं तीन गोलियां
घटना शुक्रवार, 30 अक्टूबर की शाम वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नरिया तिराहे की है। कांस्टेबल अमित शुक्ला एक मामले की जांच के सिलसिले में मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।
हमले में अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
कांस्टेबल पर हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान लंका थाना क्षेत्र में लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध बदमाशों की घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा आरोपी अंधेरे में फरार
मुठभेड़ के दौरान राज विश्वकर्मा का साथी मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने उसकी तलाश में टीमें लगा दी हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हमले की वजह और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
डीसीपी गौरव बंसवाल के अनुसार, लंका थाना पुलिस को कुछ लोगों के हथियारों की बिक्री करने की फिराक में होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल अमित शुक्ला घायल हो गए।
पुलिस अब हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और कांस्टेबल पर हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है।