अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एक्शन, कौन थे सुमित और मोहित? यूपी पुलिस एनकाउंटर में दोनों शूटर ढेर

0

सोनीपत, 31 अगस्त 2026 । हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में यूपी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल दो कथित शूटर सुमित और मोहित को शामली में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। दोनों हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले बताए गए हैं और उनके सिर पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

कौन है मोहित और सुमित

मोहित और सुमित दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले थे। मोहित के परिवार वालों के मुताबिक, वह नौवीं कक्षा के बाद ही अपराध की दुनिया की तरफ बढ़ गया था। शुरुआत में दोस्तों के साथ हुए झगड़े के मामले में वह जेल गया था। बाद में पैरोल पर बाहर आने के बाद उसने अपना गांव बेयापुर खुर्द छोड़ दिया था। परिवार के अनुसार, मोहित पिछले करीब छह महीने से घर से लापता था। इस दौरान परिवार के लोगों को उसकी गतिविधियों और ठिकाने की कोई जानकारी नहीं थी। उसकी मां ने बताया कि कुछ समय पहले तक वह सुधारने की बात करता था, लेकिन उसके आसपास रहने वाले दोस्त उसे गलत रास्ते से बाहर नहीं निकलने दे रहे थे।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने के लिए कुल चार शूटर पहुंचे थे। सुमित और मोहित को इन्हीं चार शूटरों में शामिल बताया जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि हत्याकांड से जुड़े नेटवर्क में दो अन्य लोगों की भूमिका रेकी और मदद करने के तौर पर सामने आई है। यानी अब तक कुल छह लोगों की भूमिका जांच के दायरे में है।

दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर भी जानकारी सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, मोहित के खिलाफ हरियाणा में कई मामले दर्ज थे, जबकि सुमित पर भी आपराधिक मामला दर्ज बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित की हत्या की साजिश किसने रची, शूटर्स को किसने निर्देश दिए और वारदात के पीछे गैंग कनेक्शन की क्या भूमिका थी।

पुलिस के अनुसार, शामली में पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उनकी ओर से फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं, हत्याकांड के बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.