अमृतपाल सिंह के पिता ने फिर की चन्नी की तारीफ,

पंजाब कांग्रेस में बढ़ी बेचैनी; 2027 चुनाव से पहले नए सियासी समीकरणों की चर्चा

0

चंडीगढ़, 31 अगस्त 2026 । पंजाब की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह के पिता और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम सिंह ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की खुलकर तारीफ की है। खास बात यह है कि चन्नी ने खुद तरसेम सिंह की तारीफ वाला वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में इसके मायने तलाशे जा रहे हैं।

तरसेम सिंह ने तारीफ में क्या कहा

तरसेम सिंह ने चरणजीत सिंह चन्नी की तारीफ करते हुए कहा कि पूर्व सीएम जिस तरह से खुलकर सिख समुदाय और पंथ से जुड़े अहम मुद्दों को उठा रहे हैं, वह काबिले तारीफ है। बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब तरसेम सिंह ने चरणजीत सिंह चन्नी की तारीफ की हो। इससे पहले भी चन्नी ने लोकसभा में अमृतपाल सिंह का मुद्दा उठाया था तो तरसेम सिंह ने उनकी तारीफ की थी। हालांकि उस समय कांग्रेस ने चन्नी के उस बयान से पल्ला झाड़ लिया था।

तरसेम सिंह की यह तारीफ चन्नी के उस रुख के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। इससे पहले चन्नी ने लोकसभा में अमृतपाल सिंह की डिब्रूगढ़ जेल में हिरासत का मुद्दा उठाया था। उस समय कांग्रेस नेतृत्व ने उनके बयान से दूरी बनाते हुए इसे उनका निजी विचार बताया था।

अब तरसेम सिंह और चन्नी के बीच सार्वजनिक तौर पर दिख रही नजदीकी ने पंजाब कांग्रेस के भीतर भी चर्चा बढ़ा दी है। राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या चन्नी और ‘वारिस पंजाब दे’ खेमे के बीच भविष्य में कोई राजनीतिक तालमेल बन सकता है। हालांकि, अभी तक दोनों पक्षों की ओर से किसी गठबंधन या औपचारिक राजनीतिक समझौते की घोषणा नहीं हुई है।

पंजाब में 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, अकाली दल, BJP और अन्य दल अपने-अपने समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में चन्नी और अमृतपाल सिंह के खेमे के बीच बढ़ती राजनीतिक नजदीकी आने वाले समय में पंजाब की चुनावी रणनीति को प्रभावित कर सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.