लखनऊ में FSDA की बड़ी कार्रवाई, भैंसों के तबेले के पास बन रही थी मिठाई; 1,675 किलो नष्ट
लखनऊ , 22 अगस्त 2026 । लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। हरदौइया लालनगर इलाके में एक मिठाई प्रतिष्ठान की जांच के दौरान टीम को भैंसों के तबेले के पास मिठाई तैयार होती मिली। मौके पर करीब 40-50 भैंसें भी बंधी हुई थीं।
जांच के दौरान FSDA टीम ने करीब 1,675 किलो तैयार मिठाई और 686 किलो कच्ची खाद्य सामग्री को नष्ट कराया। विभाग की कार्रवाई में प्रतिष्ठान की स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य निर्माण से जुड़े मानकों पर गंभीर सवाल सामने आए।
छापेमारी के दौरान वहां बने तबेले की भीषण गंदगी के बीच तैयार की जा रही मिठाइयों पर मक्खियां और कीड़े रेंग रहे थे। इतना ही नहीं, गंदे प्लास्टिक ड्रमों में रखे 1000 लीटर घोल में मरी हुई मक्खियां तैरती मिलीं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 1675 किलो तैयार दूषित मिठाई व घोल को नष्ट कराने की प्रक्रिया शुरू की और 15 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
केवल रिटेल लाइसेंस से हो रहा था काम
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित प्रतिष्ठान के पास केवल रिटेल श्रेणी का लाइसेंस था, जबकि वहां बड़े स्तर पर मिठाई का निर्माण किया जा रहा था। ऐसे में लाइसेंस की श्रेणी और वास्तविक गतिविधियों के बीच अंतर भी कार्रवाई का अहम आधार बना।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए भेजे हैं। लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों से पहले मिलावट पर शिकंजा
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य विभाग की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण स्थल की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
भैंसों के तबेले के बेहद करीब मिठाई तैयार किए जाने की स्थिति ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। FSDA की कार्रवाई के बाद अब संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे की प्रक्रिया जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।