लाल किले के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन, वाहन चालकों को पहले से रूट प्लान करने की सलाह

0

नई दिल्ली, 12 अगस्त 2026 । स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत दिल्ली में फुल ड्रेस रिहर्सल के चलते राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा। लाल किले पर होने वाले कार्यक्रम की रिहर्सल को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके चलते सुबह के समय दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग देखने को मिल सकती है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रिहर्सल के दौरान लाल किले और आसपास के संवेदनशील इलाकों में आम वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी। कई मार्गों को निर्धारित अवधि के लिए बंद या डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान इन रास्तों से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

  • नेताजी सुभाष मार्ग (दिल्ली गेट-छत्ता रेल चौक), लोथियन रोड (जीपीओ-छत्ता रेल चौक), एसपी मुखर्जी मार्ग (एचसी सेन मार्ग-यमुना बाजार चौक), चांदनी चौक रोड (फाउंटेन चौक-लाल किला), निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और रिंग रोड (राजघाट-आईएसबीटी) बंद रहेंगे।
  • सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, JLN मार्ग, निजामुद्दीन खट्टा-आईएसबीटी रिंग रोड और आउटर रिंग रोड से भी बचने की सलाह है।
  • साउथ-नॉर्थ के लिए अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड, रानी झांसी रोड, कनॉट प्लेस-मिंटो रोड-भवभूति मार्ग या निजामुद्दीन ब्रिज-पुस्ता रोड-जीटी रोड-युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल करें।
  • ईस्ट-वेस्ट के लिए एनएच-9, बारापुला, डीएनडी, विकास मार्ग, आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग और युधिष्ठिर सेतु विकल्प रहेंगे।

बसों के रूट में भी बड़ा बदलाव

12 अगस्त रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक नॉर्थ-साउथ रिंग रोड पर आईएसबीटी कश्मीरी गेट से निजामुद्दीन खट्टा के बीच सिटी बसें नही चलेंगी। इंटरसिटी और डीटीसी बसों के लिए लोथियन रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, एसपी मुखर्जी मार्ग, रिंग रोड, सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग, बीएसजेड मार्ग, विकास मार्ग और मथुरा रोड के कुछ हिस्सों पर भी प्रतिबंध रहेगा। लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली मेन रेलवे स्टेशन जाने वाली बसें शॉर्ट-टर्मिनेट होगी। दक्षिण-पश्चिम से आने वाली बसें जेएलएन मार्ग पर रामलीला मैदान के सामने, उत्तर-पश्चिम व पूर्वी दिल्ली की बसें मोरी गेट-तीस हजारी और उत्तर दिल्ली की बसें बुलेवार्ड रोड पर महाराजा अग्रसेन पार्क के सामने रुकेंगी। लाल किला-पुरानी दिल्ली स्टेशन की बसें रिंग रोड-एनएच-9-पुस्ता रोड-नए आईएसबीटी ब्रिज-बुलेवार्ड रोड से जाएंगी। कनॉट प्लेस की बसें अपर रिज रोड-करोल बाग-झंडेवालान-पंचकुइयां रोड से निकलेंगी।

सुरक्षा के मद्देनजर बढ़ाई जाएगी निगरानी

स्वतंत्रता दिवस समारोह देश के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजनों में शामिल है। इसलिए फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। लाल किले के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ वाहनों की जांच और आवाजाही पर निगरानी बढ़ाई जाती है।

ट्रैफिक पुलिस की कोशिश रहेगी कि प्रतिबंधित मार्गों के कारण दिल्ली के दूसरे हिस्सों में यातायात का दबाव ज्यादा न बढ़े। इसके लिए जरूरी स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक रूट की व्यवस्था की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.