नई दिल्ली, क्रिकेट के इतिहास में वनडे फॉर्मेट ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वनडे क्रिकेट 5,000 इंटरनेशनल मैच पूरे करने वाला दुनिया का पहला फॉर्मेट बन गया है। इस ऐतिहासिक आंकड़े के साथ 50 ओवर के क्रिकेट ने अपने लंबे और गौरवशाली सफर में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार किसी फॉर्मेट में 5 हजार मैच पूरे हो गए हैं। यह उपलब्धि हासिल हुई वनडे को। जिस स्कॉटलैंड में अभी कॉमनवेल्थ गेम्स हुए हैं वहीं 5000वां वनडे मैच भी खेला गया। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच हुए इस मुकाबले को स्कॉटलैंड ने 9 रन से जीत लिया।
वनडे फॉर्मेट 1971 में वजूद में आया। था। टेस्ट क्रिकेट शुरू होने के 94 साल बाद। टेस्ट अभी 3000 मैचों के आंकड़े तक भी नहीं पहुंचा है और वनडे ने 5 हजार मैचों का सफर पूरा कर लिया है। 1971 से अब तक 55 सालों में 29 देशों ने वनडे खेले। इसी फॉर्मेट से वर्ल्ड कप का कॉन्सेप्ट आया और इसी फॉर्मेट में भारत पहली बार चैंपियन भी बना।
वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच किसने खेला, सबसे ज्यादा जीत किस टीम को मिली, सबसे ज्यादा रन और शतक किसने बनाए, गेंदबाजी में सबसे आगे कौन है?
टेस्ट और टी20 से अलग पहचान
टेस्ट क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे पुराना फॉर्मेट है, जबकि टी20 ने कम समय में क्रिकेट की लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। लेकिन वनडे क्रिकेट ने दोनों के बीच संतुलन बनाने वाला फॉर्मेट तैयार किया।
50 ओवर का मुकाबला खिलाड़ियों को रणनीति, धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का मिश्रण दिखाने का मौका देता है। यही वजह है कि वनडे क्रिकेट आज भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर का अहम हिस्सा बना हुआ है।
रिकॉर्ड के साथ बढ़ी वनडे की विरासत
5,000 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करना केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि यह वनडे क्रिकेट के पांच दशक से अधिक लंबे सफर को दर्शाता है। इस दौरान दुनिया भर के कई महान खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट में अपनी पहचान बनाई।
सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, कुमार संगकारा, रिकी पोंटिंग, महेला जयवर्धने और कई अन्य दिग्गजों ने वनडे क्रिकेट के इतिहास को यादगार बनाया है।