नई दिल्ली, 06 अगस्त 2026 । ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को गोद दिलाने (Adoption) के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी NGO गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मैसेजिंग ऐप और फर्जी वेबसाइटों के जरिए खुद को पंजीकृत NGO या अधिकृत एडॉप्शन एजेंसी बताकर उन दंपतियों और परिवारों को निशाना बनाते थे जो कानूनी रूप से बच्चे को गोद लेना चाहते थे।
DCP राजा बांठिया ने बताया कि साइबर थाना SHO रोहित गहलोत, SI अरविंद, हेड कॉन्स्टेबल हिमांशू और रवि विजय ने बुराड़ी की एक महिला की शिकायत पर कार्रवाई की थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी सचिन अग्रवाल ने बताया कि उसने कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपना मोबाइल नंबर डाल रखा था। इंटरनेट पर बच्चा गोद लेने की जानकारी तलाश रहे लोग सीधे उसके संपर्क में आते थे। दावा करता था कि कानूनी तरीके से बच्चे को गोद दिला सकता है।