पेपर लीक विवाद पर मनीष सिसोदिया और कपिल मिश्रा में तीखी जुबानी जंग

सोशल मीडिया से लेकर सियासत तक गरमाया माहौल

0

नई दिल्ली, 24  जुलाई 2026 । पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के बीच इस मुद्दे पर तीखी जुबानी जंग देखने को मिली। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिससे यह विवाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।

मनीष सिसोदिया के इस बयान पर कपिल मिश्रा ने किया पलटवार

दरअसल, मनीष सिसोदिया ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा कि मतलब…इतना बड़ा कांड हो गया, इतने सारे बच्चों ने आपके पेपर लीक कांड की वजह से सुसाइड कर लिया, देश की लगभग हर परीक्षा में घोटाला सामने आ गया, पूरे देश में GenZ सड़क पर उतरकर माँग कर रहा है कि शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो। और आप कह रहे हैं कि- फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाकर नीचे के छोटे-छोटे, चार प्राइवेट प्यादों को सजा दिलवा देंगे। लेकिन जांच की आंच अपने प्यारे वजीर पर नहीं आने देंगे। कहीं ऐसा तो नहीं है मोदी जी कि ये पेपर लीक का सारा खेल आपके दफ्तर से चलता हो?

कपिल मिश्रा ने मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कहा कि “जेल में जाकर भी इस्तीफा न देने वाले” अब नैतिकता की बात कर रहे हैं। उन्होंने पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष की आलोचना करते हुए जवाबदेही का सवाल उठाया। वहीं मनीष सिसोदिया ने भी सरकार पर पलटवार करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े किए।

दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद सोशल मीडिया पर भी समर्थकों और विरोधियों के बीच बहस तेज हो गई। एक पक्ष सरकार से पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगा रहा है।

पेपर लीक का मुद्दा फिलहाल लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंता का विषय बना हुआ है। विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों ने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग की है।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज हो रही है। हालांकि पेपर लीक मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.