देहरादून, 09 जुलाई 2026 । उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के देहरादून, नैनीताल समेत सात जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कई प्रभावित जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आज देहरादून और नैनीताल जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। आज 9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर एवं चम्पावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 जुलाई को भी भारी बारिश का अलर्ट
कल 10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत एवं बागेश्वर जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ जनपदों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 09 एवं 10 जुलाई, 2026 को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अत्यंत तेज वर्षा के दौर की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, तेज बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना बनी हुई है। जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। चारधाम यात्रा मार्गों और संवेदनशील इलाकों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
राज्य सरकार ने सभी जिलों के अधिकारियों को राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।