पटना, 07 जुलाई 2026 । बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस बीच अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रशांत किशोर को अपना समर्थन और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि “बिहारी बाबू” होने के नाते वे प्रशांत किशोर की सफलता की कामना करते हैं। उनके इस बयान को चुनावी माहौल में महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
प्रशांत किशोर के फैसले पर ‘शॉटगन’ ने जताई खुशी
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘बिहार में राजनीतिक धमाका!!!! सबसे काबिल, दूरदर्शी, बेहतरीन बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर तरह से सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले, सराहे जाने वाले और चर्चा में रहने वाले व्यक्तित्व प्रशांत किशोर आखिरकार चुनावी मैदान में उतर आए हैं। पटना, बिहार में उपचुनाव में शामिल होकर उन्होंने राजनीतिक हलकों और पूरे देश की जनता के बीच जबर्दस्त हलचल मचा दी है। एक ‘बिहारी बाबू’ होने के नाते, मुझे यह खबर राजनीतिक रूप से बेहद दिलचस्प और निश्चित रूप से जबर्दस्त लगती है। आज ‘सबकी एकता’ समय की मांग है। उम्मीद, इच्छा और प्रार्थना है कि आम लोग और खासकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करेंगे उन्हें करना चाहिए।
बांकीपुर सीट पर 30 तारीख को मतदान होना है और प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इस सीट पर मुकाबला प्रतिष्ठा का विषय बन गया है, क्योंकि इसके नतीजे बिहार की आगामी राजनीतिक दिशा और विपक्ष की ताकत को लेकर भी अहम संदेश दे सकते हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि उन्होंने इसे एक बिहारी होने के नाते व्यक्तिगत शुभकामना बताया, लेकिन चुनावी माहौल में उनके समर्थन को अलग-अलग राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है।
उधर, प्रशांत किशोर भी लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और मतदाताओं से विकास, सुशासन और नई राजनीति के मुद्दों पर समर्थन मांग रहे हैं। अब सभी की नजर 30 तारीख को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी है।