गाजियाबाद में नकली किताबों का बड़ा भंडाफोड़, मुरादनगर में नामी प्रकाशकों की फर्जी पुस्तकों का जखीरा बरामद
गाजियाबाद , 07 जुलाई 2026 । गाजियाबाद के मुरादनगर क्षेत्र में नामी प्रकाशकों की नकली किताबों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में विभिन्न प्रतिष्ठित प्रकाशकों के नाम से छापी गई फर्जी किताबें बरामद की गईं, जिन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस कार्रवाई से कॉपीराइट उल्लंघन और नकली प्रकाशनों के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नकली किताबों का ये नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और इनकी ऑनलाइन बिक्री किन माध्यमों से की जा रही थी। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ललित सरदाना ने सूचना दी थी कि मुरादनगर के राधेश्याम फेस-1 क्षेत्र में भारती भवन और धनपत राय पब्लिकेशन की नकली किताबें तैयार कर ऑनलाइन बेची जा रही हैं।
पायरेटेड किताबें बरामद हुईं
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी मोहित पुत्र सूरज सिंह के ठिकाने से बड़ी संख्या में पायरेटेड किताबें बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी के घर पर इससे पहले भी इसी तरह की शिकायत पर छापेमारी हो चुकी है। उस दौरान भी भारी मात्रा में नकली किताबें बरामद की गई थीं
अधिकारियों के अनुसार, नकली पुस्तकों की ऑनलाइन बिक्री से न केवल प्रकाशकों को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि छात्रों और पाठकों को भी निम्न गुणवत्ता की सामग्री मिलती है। मामले में जब्त सामग्री की जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था, किन ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग किया जा रहा था और इसमें कितने लोग शामिल हैं। मामले में कॉपीराइट कानून और अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।