उत्तर रेलवे प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 03.07.2026
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा आज अमृतसर–जालंधर कैंट–लुधियाना रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस रेलखंड के बीच निरीक्षण यान द्वारा फुटप्लेट के दौरान उन्होंने ब्लॉक सेक्शन में रेल पथ, ओ.एच.ई., रेलवे यार्ड तथा सिग्नल प्रणाली का गहन निरीक्षण किया और संरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं संबंधित अवसंरचना का गहन निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, संरक्षा व्यवस्थाओं तथा परिचालन दक्षता की समीक्षा की।
महाप्रबंधक उत्तर रेलवे ने अमृतसर रेलवे स्टेशन पर रिडेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए कार्यों की प्रगति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्रियों की सुविधा एवं पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक द्वारा जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की रिडेवलपमेंट कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के दोनों ओर नई इमारतों, विशाल कॉनकोर्स, कैफेटेरिया, पार्किंग, प्लेटफार्मो, लिफ्ट, एस्केलेटर तथा फुट-ओवर-ब्रिज जैसी विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं का विस्तृत अवलोकलन किया। इसके अलावा उन्होंने वेटिंग हॉल, बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया तथा विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
महाप्रबंधक द्वारा लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चल रहे रिडेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए चल रहे कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार हेतु प्रेरित किया तथा महाप्रबंधक ने यात्रियों को सुरक्षित, बेहतर और सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।