नई दिल्ली, 02 जुलाई 2026 । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित आतंकी साजिश को नाकाम करने का दावा किया है। जांच एजेंसियों ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि वे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के एक कथित हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, संदिग्धों पर संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और बड़े हमले की योजना से जुड़े होने का संदेह है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह (23), गुरजंत सिंह (22), साजन सिंह (28) और गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी पंजाब के और एक दिल्ली से पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर सुरक्षा एजेंसियां उनके नेटवर्क, संपर्कों और संभावित सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हैं। जांच के तहत डिजिटल उपकरणों, संचार माध्यमों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।