आरा , 02 जुलाई 2026 । बिहार के आरा में कोर्ट में गवाही देकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कोर्ट में गवाही देने के बाद अपराधियों ने रास्ते में घेरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोइलवर थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी सूरज राय (40 वर्ष) और उनके भतीजे दीपक राय (22 वर्ष) आरा सिविल कोर्ट में चल रहे एक पुराने अपहरण के केस में गवाही देने पहुंचे थे। दोनों कोर्ट की कार्यवाही पूरी कर वापस अपने बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पचैना बाजार से गांव जाने वाले रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इससे पहले छपरा में गवाह की हत्या की गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और गवाही से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।