जालंधर DC ने जारी किया SIR शिकायत हेल्पलाइन नंबर

मतदाता अब फोन पर भी दर्ज करा सकेंगे अपनी शिकायत

0

जालंधर , 29 जून्‌ 2026 । जालंधर के डिप्टी कमिश्नर (DC) ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत नागरिकों की सुविधा के लिए शिकायत हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी वरजीत वालिया ने बताया कि शिकायत निवारण व्यवस्था का उद्देश्य एस.आई.आर. अभियान को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू ढंग से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को सर्वेक्षण, इन्यूमरेशन फॉर्म, दस्तावेजों या अन्य किसी प्रक्रिया संबंधी जानकारी की आवश्यकता हो तो वह हैल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी नागरिक को एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान कोई शिकायत दर्ज करवानी हो तो वह जिला स्तर पर स्थापित शिकायत निवारण सेल में अपनी शिकायत भेज सकता है।

प्रशासन के अनुसार, यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, गलत जानकारी दर्ज हो गई है, नाम हट गया है या SIR प्रक्रिया से जुड़ी कोई अन्य समस्या है, तो वह जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डिप्टी कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपनी जानकारी समय रहते जांच लें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुगम बनाना है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि SIR अभियान के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक हेल्पलाइन और निर्वाचन विभाग के माध्यमों का ही उपयोग करें तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.