पंचकूला , 29 जून् 2026 । हरियाणा ने देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए खुद को देश का नंबर-1 राज्य स्थापित किया है। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के समन्वित प्रयासों के चलते भारतीय न्याय प्रणाली से जुड़े नए कानूनों को तेजी और प्रभावी ढंग से लागू किया गया, जिससे हरियाणा राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
राज्य सरकार ने नए आपराधिक कानूनों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने, जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया। इसी का परिणाम है कि हरियाणा ने निर्धारित सभी प्रमुख मानकों को पूरा करते हुए 95 अंकों का लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस उपलब्धि के साथ हरियाणा ने यह संदेश दिया है कि न्याय व्यवस्था में सुधार और तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में वह देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से अपराधों की जांच में तेजी, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय और न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
इस उपलब्धि के पीछे पुलिस, अभियोजन विभाग, न्यायिक अधिकारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक तकनीक का उपयोग, डिजिटल जांच प्रणाली को बढ़ावा तथा अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यापक प्रशिक्षण महत्वपूर्ण कारक रहे हैं। नए कानूनों के अनुरूप एफआईआर पंजीकरण, डिजिटल साक्ष्यों के उपयोग, समयबद्ध जांच और अभियोजन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
राज्य सरकार का कहना है कि नए आपराधिक कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आधुनिक, जवाबदेह और पीड़ित-केंद्रित बनाना है। हरियाणा ने इन प्रावधानों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए पुलिस थानों से लेकर जिला स्तर तक आवश्यक संसाधन, तकनीकी सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया, जिससे कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय सफलता मिली।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस उपलब्धि से न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास भी बढ़ेगा। हरियाणा का यह मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है, जो नई आपराधिक न्याय प्रणाली को प्रभावी तरीके से लागू करने की दिशा में काम कर रहे हैं।