पटना, 29 जून् 2026 । बिहार में पंचायत चुनावों को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्य में बिना परिसीमन (Delimitation) कराए ही पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और इस बार मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मंत्री दीपक प्रकाश ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में पंचायत चुनाव के लिए सारी तैयारी चल रही है। निर्वाचन का आरक्षण रोस्टर जल्द ही आएगा। इसके अलावा अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ईवीएम के रखरखाव को लेकर से लेकर मल्टी पोस्ट ईवीएम की खरीद और अन्य तैयारी राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में किया जा रहा है।
मंत्री के अनुसार, पंचायत चुनावों में देरी न हो, इसके लिए सरकार मौजूदा प्रशासनिक और कानूनी व्यवस्था के तहत चुनाव कराने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार किए बिना चुनाव कराए जाएंगे, ताकि स्थानीय निकायों का कार्य प्रभावित न हो और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्य समय पर जारी रह सकें।
दीपक प्रकाश ने बताया कि पंचायत चुनावों में EVM के उपयोग से मतदान प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। इसके लिए संबंधित विभागों और राज्य निर्वाचन आयोग के साथ समन्वय कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि, चुनाव की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा की जाएगी।
सरकार का मानना है कि समय पर पंचायत चुनाव कराने से स्थानीय स्वशासन संस्थाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में निरंतरता बनी रहेगी। अब सभी की नजर चुनाव कार्यक्रम और EVM के उपयोग को लेकर होने वाली आधिकारिक घोषणा पर टिकी है।