अगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं डोनाल्ड ट्रम्प, व्यापार समझौते के बीच दौरे की तैयारी तेज

0

वॉशिंगटन/नई दिल्ली, 27 जून्‌ 2026 । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले वर्ष की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के साथ-साथ ट्रम्प की भारत यात्रा की तैयारियां भी चल रही हैं।

न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ये बयान दिया। ये ट्रम्प की राष्ट्रपति रहते हुए दूसरी भारत यात्रा हो सकती है। इससे पहले ट्रम्प साल 2020 में पहली बार भारत यात्रा पर आए थे। वे अहमदाबाद में ‘नमस्ते ट्रम्प’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

रूबियो से पूछा गया कि वे भारत की प्रगति, विकास और वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को कैसे देखते हैं, तो अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, ‘हम PM मोदी और उनके द्वारा किए गए कार्यों के बहुत बड़े प्रशंसक हैं।’

रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका और भारत के बीच व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत जारी है। माना जा रहा है कि यदि व्यापार समझौते पर प्रगति होती है, तो ट्रम्प की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती दे सकती है। मार्को रुबियो ने कहा कि दोनों देश राष्ट्रपति ट्रम्प की भारत यात्रा के लिए अगले साल की शुरुआत का लक्ष्य लेकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह स्वयं इस वर्ष भारत आकर यात्रा की तैयारियों और द्विपक्षीय एजेंडे पर चर्चा कर सकते हैं। हालांकि, यात्रा की आधिकारिक तारीख और कार्यक्रम की घोषणा अभी नहीं की गई है।

यदि यह दौरा तय होता है, तो यह भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटना होगी। इस दौरान व्यापार समझौते, रक्षा सहयोग, इंडो-पैसिफिक रणनीति, निवेश और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर उच्चस्तरीय वार्ता होने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.