बिजनौर कोतवाली में महिला रेसलर ने खुद को लगाई आग

फौजी प्रेमी की गिरफ्तारी न होने से उठाया खौफनाक कदम

0

बिजनौर, 22 जून्‌ 2026 । उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक महिला रेसलर ने शहर कोतवाली के भीतर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 50 से 60 प्रतिशत तक झुलस गई है।

क्या है पूरा मामला?

मामला रविवार रात करीब 10:45 बजे का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने थाने में पहुंच कर आग लगा ली। आग लगने के बाद महिला दर्द से चीखती हुई कार्यालय से बाहर भागी। आग की लपटें कार्यालय के पर्दों तक पहुंच गईं, जिससे कुछ देर के लिए हालात बेकाबू हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाई और महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल मे डॉक्टरो की माने तो महिला का ऊपरी हिस्सा इतना झूलस गया है की वह बोल नहीं पा रही है, केवल चीख रही है।

जानकारी के मुताबिक महिला एक फौजी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची थी। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। इस मामले में पहले भी मुकदमे दर्ज हुए थे, लेकिन आरोपी को हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर राहत मिली हुई थी, जिसके कारण पुलिस तत्काल कार्रवाई नहीं कर पा रही थी।

बताया जा रहा है कि महिला दोपहर से ही थाने में मौजूद थी और आरोपी पक्ष को बुलाकर बातचीत कराने की मांग कर रही थी। देर रात जब उसे कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो उसने अचानक खुद पर पेट्रोल या ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरी महिला कोतवाल के कमरे तक पहुंच गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल कंबल डालकर आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी युवक के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से परिचय था। महिला ने पहले दुष्कर्म और बाद में शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद कोतवाली प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है।

इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और महिला सुरक्षा से जुड़े कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल महिला का मेरठ में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.