अतीक अहमद के कुत्ते को सहलाते थे मुलायम सिंह यादव
मंत्री सतीश शर्मा के बयान से यूपी की सियासत में गरमाया माहौल
बाराबंकी, 22 जून् 2026 । उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा का एक बेहद तल्ख और बड़ा बयान आया है। प्रदेश सरकार में मंत्री सतीश शर्मा ने समाजवादी पार्टी और उसके संस्थापक मुलायम सिंह यादव को लेकर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था और इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि “मुलायम सिंह यादव अतीक अहमद के कुत्ते को सहलाते थे।”
सतीश शर्मा के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया। वायरल हो रहे वीडियो में मंत्री सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और माफिया अतीक अहमद का नाम लेते हुए नजर आए।
राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कार्यक्रम के मंच से ऑन रिकॉर्ड कहा कि सपा के राज में माफियाओं के करीबियों तक को बढ़ावा दिया जाता था। वहीं, योगी सरकार ने अपराधियों को उनकी सही जगह पहुंचाया है। इस तीखे बयान के बाद जिले की सियासत में नई बहस छिड़ गई है। मंच से जनता को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने बेहद आक्रामक अंदाज में सपा के दौर की कानून-व्यवस्था को घेरा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मैं ऑन रिकॉर्ड कह रहा हूं कि अतीक अहमद के कुत्ते को उस समय समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव सहलाने का काम करते थे।
सतीश शर्मा के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासन में माफिया तत्वों का प्रभाव इतना बढ़ गया था कि सरकार और प्रशासन पर उनका दबदबा दिखाई देता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने माफिया राज को समाप्त करने का काम किया है और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया है।
मंत्री ने आगे कहा कि जनता अब उन दिनों को नहीं भूल सकती जब प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनाया है। उनके अनुसार, अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और सख्त कानून व्यवस्था की वजह से उत्तर प्रदेश की छवि में बड़ा बदलाव आया है।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने इस बयान को राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार व्यक्तिगत और विवादित टिप्पणियां की जा रही हैं ताकि मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा सके। सपा नेताओं ने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक स्तर गिराने वाला बताया।
सतीश शर्मा का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। ऐसे में इस तरह के बयान राजनीतिक बहस को और तेज करने का काम कर रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है।