पटना, 13 जून् 2026 । पटना की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नवनिर्वाचित एमएलसी Sunil Singh के खिलाफ शहर के कई इलाकों में आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों में लिखा गया, “बिहार के नटवरलाल को MLC बनने पर बहुत-बहुत बधाई”, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
धोखाधड़ी और गबन का आरोप
उसके बाद लिखा गया है, ‘ एफआईआर नंबर 305, धोखाधड़ी कर यादव समाज की महिला से गबन की गई राशि 16.5 लाख, धोखाधड़ी के बादशाह’। इसके नीचे उनके पुत्र यशस्वी और उनकी पत्नी की भी तस्वीर लगाकर उन पर भी गबन और धोखाधड़ी के कथित आरोपों का जिक्र किया गया है। पोस्टर के सबसे नीचे लिखा गया है कि धोखाधड़ी एवं लूट-खसोट करने के मुखिया सुनील सिंह को महागठबंधन की ओर से एमएलसी बनने पर बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
पोस्टरों में केवल सुनील सिंह ही नहीं, बल्कि उनकी पत्नी और बेटे पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि पोस्टर लगाने वालों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है और यह भी साफ नहीं है कि इसके पीछे किस संगठन या व्यक्ति का हाथ है। पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
सुनील सिंह हाल ही में बिहार विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए के 9 और आरजेडी के 1 उम्मीदवार निर्विरोध जीते थे, जिनमें सुनील सिंह भी शामिल हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह के पोस्टर वार और व्यक्तिगत आरोपों के जरिए सियासी माहौल को गर्म करने की कोशिश की जा रही है। वहीं आरजेडी समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं और मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।