कैथल , 13 जून् 2026 । हरियाणा के कैथल जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि पुलिस ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार बदमाशों ने आज सुबह तड़के करीब साढ़े तीन बजे कैथल के एक होटल में हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। इसके करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने एक अन्य व्यक्ति से उसकी स्कूटी और करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सीआईए कलायत और एवीटी कैथल की टीमों ने संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को बदमाशों की लोकेशन मिलने के बाद पहली मुठभेड़ कैथल स्थित शुगर मिल के पास हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें काबू कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस का कहना है कि तीनों की हालत खतरे से बाहर है। आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य जिलों में दर्ज मामलों की जांच कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं तथा हाल के दिनों में हुई अन्य वारदातों से उनका कोई संबंध है या नहीं।
इस कार्रवाई को कैथल पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों के बीच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।