नई दिल्ली , 08 जून् 2026 । देशभर में घरेलू रसोई गैस (LPG) उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में ₹29 की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 7 जून 2026 से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹913 से बढ़कर ₹942 हो गई है।
यह पिछले तीन महीनों में घरेलू LPG सिलेंडर की दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। मार्च 2026 में भी सिलेंडर के दामों में वृद्धि की गई थी। तेल विपणन कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और लागत दबाव के कारण कीमतों में संशोधन आवश्यक हो गया था। केंद्र सरकार के अनुसार, कीमत बढ़ने के बावजूद तेल कंपनियों को प्रत्येक घरेलू LPG सिलेंडर पर लगभग ₹700 का घाटा उठाना पड़ रहा है। इसी वजह से कंपनियां लगातार मूल्य संशोधन की मांग कर रही थीं।
इस फैसले का सीधा असर करोड़ों परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा, खासकर मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं पर, जो खाना पकाने के लिए LPG पर निर्भर हैं। विपक्षी दलों ने भी इस बढ़ोतरी को लेकर सरकार की आलोचना की है और इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है।
इस तरह 3 महीने के अंदर घरेलू सिलेंडर 89 रुपए महंगा हो गया है। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के अनुसार, तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी ऊर्जा लागत और घरेलू बिक्री पर नुकसान के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।