IPL में बड़ा बदलाव, ऋषभ पंत ने छोड़ी लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी

0

नई दिल्ली, आईपीएल 2026 के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को बड़ा झटका लगा है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला कर लिया है। फ्रेंचाइजी और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पंत ने तत्काल प्रभाव से अपनी जिम्मेदारी से हटने का निर्णय लिया है। जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

पंत की टीम लखनऊ IPL में अपना आखिरी लीग मैच भी हार गई। उसे पंजाब किंग्स ने 7 विकेट से हराया। पंत की कप्तानी में टीम पिछले 2 सीजन में 28 मैचों में केवल 10 में जीत सकी है। मौजूदा सीजन में लखनऊ 10वें नंबर पर है।

बताया जा रहा है कि IPL 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन और लगातार हार के दबाव के बीच यह फैसला लिया गया। लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी और टीम अंक तालिका में निचले स्थानों पर रही। कई क्रिकेट विशेषज्ञ पहले से ही पंत की कप्तानी और टीम मैनेजमेंट को लेकर सवाल उठा रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषभ पंत अब अपनी बल्लेबाजी और फिटनेस पर अधिक ध्यान देना चाहते हैं। कप्तानी के दबाव के कारण उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन पर भी असर पड़ा था। पिछले कुछ मैचों में पंत की फॉर्म और रणनीति दोनों आलोचना के घेरे में रही थीं।

ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने IPL मेगा ऑक्शन में रिकॉर्ड रकम देकर टीम में शामिल किया था और उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि लगातार खराब नतीजों के बाद टीम में बड़े बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आगामी सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कौन संभालेगा। टीम मैनेजमेंट नए कप्तान की तलाश में जुट सकता है और फ्रेंचाइजी में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

क्रिकेट फैंस के बीच पंत के इस फैसले को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सही समय पर लिया गया फैसला बता रहे हैं, जबकि कई फैंस मानते हैं कि पंत को और समय मिलना चाहिए था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.