मुंबई इंडियंस से हार्दिक पंड्या की विदाई की अटकलें तेज, IPL में बड़ा बदलाव संभव

0

नई दिल्ली, आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को लेकर बड़ी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हार्दिक पंड्या फ्रेंचाइजी छोड़ने का मन बना सकते हैं। हालांकि अभी तक मुंबई इंडियंस या हार्दिक पंड्या की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

32 साल के ऑलराउंडर ने सीजन के बीच में ही MI के टीम मैनेजमेंट को अपने इस फैसले की जानकारी दे दी थी। जैसे ही टीम प्लेऑफ से बाहर हुई हार्दिक और मुंबई इंडियंस के बीच आपसी सहमति से अलग होने का रास्ता साफ हो गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगातार दबाव, टीम के खराब प्रदर्शन और अंदरूनी माहौल को लेकर हार्दिक पंड्या काफी मानसिक तनाव में रहे हैं। कुछ सूत्रों का दावा है कि उन्होंने टीम प्रबंधन को अपने भविष्य को लेकर संकेत भी दिए हैं। मुंबई इंडियंस का IPL 2026 सीजन बेहद खराब रहा और टीम पॉइंट्स टेबल में निचले स्थानों पर रही।

हार्दिक पंड्या जब गुजरात टाइटंस छोड़कर दोबारा मुंबई इंडियंस में लौटे थे, तब उन्हें सीधे कप्तानी सौंपे जाने को लेकर काफी विवाद हुआ था। रोहित शर्मा की जगह कप्तानी मिलने के बाद फैंस के एक वर्ग ने सोशल मीडिया पर लगातार नाराजगी जताई थी। पिछले दो सीजन में टीम का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, जिससे दबाव और बढ़ गया।

सोशल मीडिया पर भी हार्दिक पंड्या के कुछ कदमों ने अटकलों को हवा दी। इंस्टाग्राम पर मुंबई इंडियंस को अनफॉलो करने और बाद में दोबारा फॉलो करने की खबरें वायरल हुईं, जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हार्दिक मुंबई इंडियंस छोड़ते हैं तो यह IPL इतिहास के सबसे बड़े फैसलों में से एक हो सकता है। ऐसे में टीम की कप्तानी और अगले सीजन की रणनीति को लेकर भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

फिलहाल फैंस और क्रिकेट जगत की नजर मुंबई इंडियंस प्रबंधन और हार्दिक पंड्या के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.