सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या , रास्ता रोककर बरसाईं गोलियां
कोलकाता, 07 मई 2026 । पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात 10.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। 42 साल के चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम जा रहे थे, जहां वे किराए के घर में अकेले रहते थे। हमलावर ने उन्हें सीने में दो और एक पेट में गोली मारी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से स्कॉर्पियो गाड़ी का रास्ता रोका और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में कई गोलियां लगीं, जिनमें दो सीने और एक पेट में लगने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और जांच एजेंसियों के अनुसार, घटना से पहले संदिग्ध वाहन काफी देर से पीछा कर रहा था। जैसे ही स्कॉर्पियो एक सुनसान इलाके में पहुंची, हमलावरों ने अपनी कार आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। इसके बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसियां इसे राजनीतिक रंजिश, आपसी दुश्मनी और सुनियोजित साजिश समेत कई एंगल से जांच रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम जांच में जुट गई है।
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि राजनीतिक हिंसा का माहौल लगातार बढ़ रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने राज्य में सुरक्षा और राजनीतिक तनाव को लेकर नई बहस छेड़ दी है।