बजट तैयारी: बैठकों में क्षेत्र-विशिष्ट एआई मॉडल लाने, किराये के मकानों को बढ़ावा देने के सुझाव

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बजट-पूर्व बैठकें पूरी, 200 से अधिक हितधारकों ने दिए सुझाव; रोजगार, छोटे शहरों के विकास और किफायती आवास पर रहा जोर।

0

नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट तैयारियों को लेकर 200 से अधिक हितधारकों के साथ परामर्श बैठकों का सिलसिला बृहस्पतिवार को पूरा हो गया। इस दौरान क्षेत्र-विशिष्ट कृत्रिम मेधा (एआई) मॉडलों के विकास, किफायती आवास के लिए किराये के मकानों को बढ़ावा देने और रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर पैदा करने के लिए मझोले एवं छोटे शहरों के विकास में तेजी लाने सहित कई सुझाव दिए गए।

 

वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि हितधारकों ने जैव उर्वरकों और जैव प्रौद्योगिकी आधारित उन्नत कृषि सामग्रियों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के उपाय भी सुझाए। ग्रामीण युवाओं और श्रमिकों को कृषि से इतर उत्पादक रोजगार तथा टिकाऊ उद्यमों की ओर बढ़ने में मदद देने के लिए लक्षित कदम उठाने का सुझाव दिया गया।

एक देशव्यापी पठन अभियान शुरू करने की भी सिफारिश की गई, ताकि पांचवीं कक्षा पूरी करने तक हर बच्चा अखबार पढ़ने और उसे समझने में सक्षम हो सके।

वित्त वर्ष 2027-28 का केंद्रीय बजट एक फरवरी को संसद में पेश किया जाएगा।

मंत्रालय के अनुसार, परामर्श में 13 क्षेत्रों और हितधारक समूहों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें उद्योग संगठनों, विशेषज्ञों, भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, युवाओं तथा कृषि एवं ग्रामीण विकास, विनिर्माण, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई), स्टार्टअप, पूंजी बाजार, वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, श्रम, कौशल विकास, आवास और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल थे।

मंत्रालय ने कहा कि इस साल बजट-पूर्व परामर्श में युवा प्रतिनिधियों के साथ बैठक एक नई पहल थी।

आवास क्षेत्र के हितधारकों ने शहरी इलाकों में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किराये के मकानों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। मझोले एवं छोटे शहरों के विकास में तेजी लाने का भी सुझाव दिया गया, ताकि शिक्षा पूरी करने के बाद युवाओं को रोजगार और उद्यम शुरू करने के अधिक अवसर मिल सकें।

एआई के क्षेत्र में भारत की प्रतिस्पर्धी क्षमता बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हार्डवेयर के अनुकूल क्षेत्र-विशिष्ट एआई मॉडल विकसित करने का सुझाव दिया गया। एमएसएमई और छोटे वित्तीय संस्थानों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के कार्यक्रम शुरू करने की भी सिफारिश की गई।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सुझावों में नवाचार आधारित वृद्धि, रोजगार के अवसर बढ़ाने, सामाजिक एवं आर्थिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अर्थव्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने पर जोर दिया गया है।

 

बजट-पूर्व परामर्श बैठकें बजट तैयार करने की प्रक्रिया में विभिन्न क्षेत्रों और वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का अहम माध्यम हैं। इनके जरिये सरकार उद्योग जगत, विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, युवाओं और अन्य हितधारकों से सुझाव लेकर देश की विकास प्राथमिकताओं और आर्थिक वृद्धि की दिशा तय करने में मदद लेती है।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.