मुंबई, 27 नवंबर 2026। कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र ने केंद्र सरकार के एग्रीस्टैक कार्यक्रम के तहत 1.44 करोड़ किसानों को डिजिटल किसान पहचान पत्र जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 की कृषि जनगणना के अनुसार, राज्य में 1.71 करोड़ किसान खाताधारक हैं। इनमें से 1.44 करोड़ किसानों का एग्रीस्टैक के तहत पंजीकरण हो चुका है, जबकि शेष किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। इस उपलब्धि के साथ महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर है।
एग्रीस्टैक एक डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य किसानों को उनकी भूमि के रिकॉर्ड से जुड़ी विशिष्ट डिजिटल पहचान के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
राज्य सरकार ने अक्टूबर 2024 में इस योजना को लागू करना शुरू किया था। कृषि से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए 15 अप्रैल, 2025 से किसान पहचान पत्र (आईडी) अनिवार्य कर दिया गया है।
भरणे ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत महाराष्ट्र के 85.58 लाख लाभार्थी किसानों में से 84.6 लाख के पास एग्रीस्टैक आईडी है।
किसान पहचान पत्र से फसल बीमा, आपदा मुआवजे और अन्य कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया आसान होने के साथ ही किसानों को ऋण प्राप्त करने में भी सुविधा होगी।
साभार: वेब वार्ता