दिल्ली एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने पकड़ा बेल्ट के बक्कल में छिपा चाकू, हांगकांग से आया था यात्री

एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान CISF जवानों को मिली संदिग्ध धातु की वस्तु, गहन जांच में बेल्ट के बक्कल से बरामद हुआ छिपा चाकू।

0

नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बेल्ट के बक्कल में छिपा हुआ चाकू बरामद किया। सीआईएसएफ कर्मियों की तेज नजर और पेशेवर सतर्कता से यह छिपा हुआ हथियार पकड़ में आया।

 

यात्री हांगकांग से आया था और उसे आगे रायपुर जाना था। सुरक्षा जांच के दौरान एक्स-बीआईएस इमेज की जांच करते समय स्क्रीनर ने एक असामान्य धातु की वस्तु देखी और बैगेज को भौतिक जांच के लिए भेजा। इसी जांच में बेल्ट के बक्कल में छिपा हुआ चाकू बरामद हुआ। निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया के अनुसार प्रतिबंधित सामान को हटा दिया गया।

सीआईएसएफ ने कहा कि यह पकड़ उनकी अटूट सतर्कता और पेशेवर क्षमता और चौकसी के जरिए मजबूत विमानन सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बता दें कि इससे पहले 28 अक्टूबर को बिहार के गयाजी हवाई अड्डे पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों ने नियमित प्री-एम्बार्केशन सुरक्षा जांच (पीईएससी) के दौरान तस्करी का संदिग्ध सोना बरामद किया था।

हवाई अड्डे के घरेलू सुरक्षा होल्ड क्षेत्र में इंडिगो की घरेलू उड़ान से कोलकाता जाने वाले एक यात्री ने अपने हैंड बैगेज को प्री-एम्बार्केशन सुरक्षा जांच बिंदु पर स्क्रीनिंग के लिए रखा था। एक्स-रे बैगेज निरीक्षण प्रणाली (एक्स-बीआईएस) के दौरान ड्यूटी पर तैनात सतर्क सीआईएसएफ स्क्रीनर ने बैग के भीतर छिपी एक असामान्य सघन धात्विक वस्तु की छवि देखी और तुरंत उस बैग को गहन भौतिक जांच (फिजिकल चेक) के लिए अलग किया था।

बैगेज की विस्तृत जांच करने पर लगभग 110 ग्राम की बिस्कुट के आकार की सुनहरे रंग की एक धात्विक वस्तु बरामद हुई थी, जिसके सोना होने का संदेह था। यात्री इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका था।

 

त्वरित अंतर-एजेंसी समन्वय का प्रदर्शन करते हुए सीआईएसएफ एएसजी गया के क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने तत्काल गया एवं पटना स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में सूचित किया था। इसके साथ ही, त्वरित कार्रवाई हेतु सीआईएसएफ एएसजी कोलकाता को भी अग्रिम सूचना साझा की गई थी।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.