अस्सीघाट पर 29 नवंबर को सजेगी कथक की महफिल, नटराज संगीत अकादमी का 31वां महोत्सव

मुंबई की निधि प्रभु पहली बार बनारस में देंगी एकल कथक प्रस्तुति, दिल्ली की गौरी दिवाकर भी करेंगी नृत्य

0

वाराणसी, 26 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में कथक की समृद्ध परंपरा को समर्पित नटराज संगीत अकादमी का 31वां कथक महोत्सव आगामी 29 नवंबर (रविवार) को अस्सीघाट पर आयोजित होगा। सुबहे बनारस के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ शाम चार बजे होगा। इस वर्ष महोत्सव ‘विरासत : पंडित बिरजू महाराज परंपरा’ को समर्पित रहेगा। अकादमी की निदेशक संगीता सिन्हा ने गुरुवार को बताया कि नटराज संगीत अकादमी पिछले 30 वर्षों से निरंतर कथक महोत्सव का आयोजन कर रही है। इस मंच के माध्यम से अकादमी की छात्राओं के साथ ही देश के उभरते और प्रतिष्ठित कथक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि महोत्सव का आयोजन लगातार 22 वर्षों तक वाराणसी के डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर हुआ। इसके बाद पिछले दो वर्षों से अस्सीघाट पर इसका आयोजन किया जा रहा है। संगीता सिन्हा ने कहा कि उनके गुरु पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज इस महोत्सव में नियमित रूप से उपस्थित रहते थे। उनकी स्मृतियों और कथक की विशिष्ट परंपरा को आगे बढ़ाना ही इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वह अपने गुरु की विरासत और कथक की समृद्ध परंपरा को आगे ले जाने के लिए संकल्पित हैं। इस वर्ष महोत्सव में नटराज संगीत अकादमी की वाराणसी और मुंबई शाखाओं की छात्राएं भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुंबई से पहली बार बनारस आ रहीं निधि प्रभु का एकल कथक नृत्य होगा। वहीं, दिल्ली की प्रतिष्ठित कथक नृत्यांगना गौरी दिवाकर भी अपने एकल नृत्य की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।

साभार: वेब वार्ता

Leave A Reply

Your email address will not be published.